गौ संरक्षण के लिए एकजुट होने का आह्वान, सनातन धर्म को बताया सबसे बड़ी पूंजी (स्वामी अबिमुक्तेश्वरानंद)

*गौ संरक्षण के लिए एकजुट होने का आह्वान, सनातन धर्म को बताया सबसे बड़ी पूंजी (स्वामी अबिमुक्तेश्वरानंद)*

********************

*अरुण कुमार (जिला ब्यूरो)*

जौनपुर। 81 दिवसीय गविष्टि यात्रा पर निकले स्वामी अबिमुक्तेश्वरानंद ने जिले में दो दिवसीय अभियान के पहले दिन जौनपुर सदर, केराकत और मड़ियाहूं क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने गौ संरक्षण और सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार को लेकर लोगों से एकजुट होने की अपील की।

 

जौनपुर सदर के गद्दोपुर स्थित ऐतिहासिक श्रीराम मंदिर परिसर में आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि सनातन धर्म और गौ सेवा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि धर्म का वास्तविक स्वरूप सत्य, धैर्य, क्षमा और गौसेवा जैसे गुणों को आत्मसात करने में निहित है। सदाचारी और मर्यादित जीवन जीना ही सच्चा धर्म है तथा शास्त्रों के अध्ययन और गुरुओं के सान्निध्य से ही सही मार्ग की प्राप्ति संभव है।

 

केराकत नगर में मुख्य चौराहे के समीप आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में भव्य गऊधाम निर्माण की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि ऐसे केंद्रों पर गौमाता की सेवा होगी और समाज को उनका आशीर्वाद प्राप्त होगा। इस दौरान संतोष कुमार गिरी को विधानसभा प्रतिनिधि मनोनीत करते हुए गऊधाम निर्माण के लिए जनसहयोग जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी गई। समर्थकों को चक्रमुद्रा में खड़ा कर गौ संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया।

 

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि कुछ लोग गौ रक्षा के नाम पर आगे आए, लेकिन बाद में वही गौहत्या के सबसे बड़े सहयोगी बन गए। उन्होंने कहा कि धर्म और गौमाता के विरुद्ध कार्य करने वाली शक्तियों का अंत निश्चित है।

 

मड़ियाहूं नगर स्थित गौशाला पहुंचने पर उनका स्वागत राम सिंह बाकुरे के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने पेट्रोल और ईंधन बचाने की अपील का समर्थन करते हुए कहा कि राष्ट्रहित में लिए गए हर निर्णय का सभी को समर्थन करना चाहिए। कार्यक्रम में राकेश उपाध्याय, डॉ. आरसी पांडेय, आशीष पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *