*ग्रामीण रोजगार योजना घोटाले में तीन कोटेदार गिरफ्तार, ईओडब्ल्यू की कार्रवाई*
*****************”***
*संवाद :माता चरण पांडे*
जौनपुर। आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) वाराणसी की टीम ने सम्पूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना में हुए घोटाले के मामले में तीन कोटेदारों को गिरफ्तार किया है। यह घोटाला वर्ष 2004-05 के दौरान मछलीशहर ब्लॉक क्षेत्र में केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजना के तहत हुआ था।
ईओडब्ल्यू के निरीक्षक सुनील वर्मा ने बताया कि योजना के अंतर्गत विभिन्न गांवों में क्षेत्र पंचायत अंश से नाली निर्माण, संपर्क मार्ग निर्माण, मिट्टी भराई सहित अन्य विकास कार्य कराए जाने थे। इन कार्यों में लगे मजदूरों को मजदूरी के बदले खाद्यान्न (चावल) वितरित किया जाना निर्धारित था।
जांच में सामने आया कि तत्कालीन जिम्मेदार अधिकारियों, कार्य प्रभारियों तथा संबंधित कोटेदारों ने मजदूरों को खाद्यान्न का वितरण नहीं किया और सरकारी अनाज के गबन का आरोप सिद्ध हुआ। इस संबंध में वर्ष 2019 में ईओडब्ल्यू वाराणसी में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले में कार्रवाई करते हुए ईओडब्ल्यू टीम ने हमजापुर निवासी मोहम्मद अहमद तथा शाहगंज निवासी लालबहादुर मौर्य को गिरफ्तार कर भ्रष्टाचार निवारण न्यायालय, वाराणसी में पेश किया। वहीं जमालपुर गांव के कोटेदार गयादीन यादव को मछलीशहर क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
ईओडब्ल्यू की इस कार्रवाई से संबंधित क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
