सेवानिवृत्ति के बाद भी शिक्षा सेवा जारी, पूर्व प्रधानाध्यापक ने विद्यार्थियों को वितरित की कॉपी-कलम

सेवानिवृत्ति के बाद भी शिक्षा सेवा जारी, पूर्व प्रधानाध्यापक ने विद्यार्थियों को वितरित की कॉपी-कलम

प्राथमिक विद्यालय कल्याणपुर व कंपोजिट विद्यालय कोल्हुआ में आरओ भेंट, जिला समन्वयक ने किया विद्यालय का निरीक्षण

महराजगंज (जौनपुर)।
“शिक्षक कभी सेवा-निवृत्त नहीं होता”—यह कहावत प्राथमिक विद्यालय कल्याणपुर के पूर्व प्रधानाध्यापक श्री अखिलेश कुमार सिंह ने एक बार फिर चरितार्थ कर दिखाई। प्रधानाध्यापक पद से सेवानिवृत्त होने के बाद भी उन्होंने शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और विद्यालय के प्रति निष्ठा बनाए रखते हुए प्राथमिक विद्यालय कल्याणपुर के सभी विद्यार्थियों को नोटबुक एवं कलम वितरित किए। इससे पूर्व भी उन्होंने विद्यालय में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था के लिए आरओ मशीन उपलब्ध कराई थी।

इसी क्रम में श्री सिंह ने कंपोजिट विद्यालय कोल्हुआ को भी एक आरओ मशीन भेंट की, जिससे विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार को स्वच्छ पेयजल की सुविधा प्राप्त होगी। उनके इस सराहनीय कार्य की क्षेत्र में व्यापक प्रशंसा हो रही है।

उधर, जिला समन्वयक (समग्र शिक्षा) श्री सत्येंद्र कुमार गुप्ता ने कंपोजिट विद्यालय कोल्हुआ का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों और शिक्षकों को शिक्षण कार्य में रुचि बढ़ाने, प्रभावी शिक्षण गतिविधियों को अपनाने तथा शिक्षक-विद्यार्थी के बीच आत्मीय संबंध स्थापित कर सकारात्मक शैक्षिक वातावरण विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय को “लर्निंग बाय डूइंग” अवधारणा के अनुरूप विकसित करने के लिए उपयुक्त बताया।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री राजेंद्र प्रसाद ने इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को संबोधित एक प्रार्थना पत्र भी जिला समन्वयक को सौंपा। निरीक्षण के दौरान श्री गुप्ता ने विद्यार्थियों के अनुशासन, स्वच्छ व निर्धारित वेशभूषा तथा विद्यालय की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को इसी प्रकार अनुशासन और उत्कृष्ट शैक्षिक वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय परिवार ने विश्वास दिलाया कि जिला समन्वयक द्वारा दिए गए सभी सुझावों एवं निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन किया जाएगा तथा उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!