प्रतापगढ़ : 2.64 करोड़ के भुगतान की जांच से ढकवा नगर पंचायत में हड़कंप, डीएम के आदेश पर पहली बार पहुंचे सीडीओ

प्रतापगढ़ : 2.64 करोड़ के भुगतान की जांच से ढकवा नगर पंचायत में हड़कंप, डीएम के आदेश पर पहली बार पहुंचे सीडीओ

करीब 40 मिनट तक खंगाले अभिलेख, कर्मचारियों में मची अफरा – तफरी; रिपोर्ट के बाद तय होगी कार्रवाई

संवाददाता अनिल मिश्र

प्रतापगढ़। नगर पंचायत ढकवा में 2 करोड़ 64 लाख रुपये के भुगतान के मामले ने अब प्रशासनिक स्तर पर बड़ा मोड़ ले लिया है।जिलाधिकारी के निर्देश पर गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) राम मोहन मीणा पहली बार नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की गहन जांच की। उनके पहुंचते ही कार्यालय में हड़कंप मच गया और कर्मचारी आवश्यक अभिलेख जुटाने में व्यस्त हो गए।सीडीओ ने लगभग 35 से 40 मिनट तक भुगतान से संबंधित फाइलों, अभिलेखों और वित्तीय दस्तावेजों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित कर्मचारियों से भुगतान प्रक्रिया और अभिलेखों के संबंध में जानकारी भी ली गई। यह मामला 7 मार्च से 16 मार्च 2026 के बीच नगर पंचायत ढकवा में हुए 2 करोड़ 64 लाख रुपये के भुगतान से जुड़ा है। पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह ‘मोती सिंह’ ने इस भुगतान में अनियमितताओं की आशंका जताते हुए जिलाधिकारी को शिकायत पत्र देकर निष्पक्ष जांच की मांग की थी।शिकायत के बाद जिलाधिकारी कार्यालय ने 19 जुलाई 2026 को मुख्य विकास अधिकारी को जांच के निर्देश दिए। इसके बाद 23 जुलाई 2026 को सीडीओ कार्यालय से नगर पंचायत ढकवा के अधिशासी अधिकारी को पत्र जारी कर भुगतान से संबंधित सभी प्रमाणित अभिलेख एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में गुरुवार को सीडीओ स्वयं नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और दस्तावेजों की गहन पड़ताल की। जांच के दौरान कार्यालय में कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। अब मुख्य विकास अधिकारी अपनी जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेंगे। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। यदि जांच में वित्तीय अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा सकती है। पूरे मामले पर जिला प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!