सुल्तानपुर। क्षेत्र के भट्ट दुलैचा दियरा में श्रद्धा और भक्ति के माहौल के बीच श्री शीतला प्रसाद शर्मा के द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। यह पावन कलश यात्रा श्री सीताराम दरबार दीपनगर से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई कथा स्थल भट्ट दुलैचा दियरा पहुँची।
कलश यात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु
महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भक्ति गीतों के साथ शामिल हुईं। पूरे मार्ग में “हरि नाम” और “जय श्रीराम” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
इस पावन कथा के व्यास के रूप में सुप्रसिद्ध कथावाचक पंडित अश्वनी पाठक महाराज उपस्थित हैं, जो अपने मधुर वाणी और ज्ञानपूर्ण प्रवचनों से श्रद्धालुओं को भागवत कथा का रसपान करा रहे हैं।
आयोजक श्री शीतला प्रसाद शर्मा ने बताया कि कथा के माध्यम से क्षेत्र में धर्म, संस्कार और भक्ति का संदेश प्रसारित किया जाएगा। कथा के दौरान प्रतिदिन प्रवचन, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे श्रद्धालु पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे।
इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य लोग, समाजसेवी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन को लेकर गांव में उत्साह और उल्लास का माहौल बना हुआ है।
