नहर में डूबा मूक–बधिर युवक, नौ घंटे बाद गोताखोरों ने निकाला शव

*नहर में डूबा मूक–बधिर युवक, नौ घंटे बाद गोताखोरों ने निकाला शव*

प्रेम शर्मा

खुटहन,जौनपुर: मरहट नहर पुलिया के पास मंगलवार को नहाते समय एक मूक–वधिर युवक के तेज बहाव में लापता होने से हड़कंप मच गया। घंटों तक गोताखोरों द्वारा तलाश किए जाने के बावजूद युवक का कोई पता नहीं चल सका। इससे नाराज स्वजनों और ग्रामीणों ने नहर का पानी तत्काल बंद कराकर खोज अभियान तेज करने की मांग को लेकर खुटहन-खेतासराय मार्ग जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करती रही।

ताजूपुर गांव निवासी राधेश्याम गौतम का 20 वर्षीय पुत्र राजन बचपन से ही गूंगा और बहरा है। मंगलवार को वह मरहट नहर पुलिया के पास घूम रहा था। तेज गर्मी और उमस के बीच वह नहर में नहाने उतर गया। इसी दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर वह बहने लगा। राहगीरों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक वह पानी में लापता हो चुका था।

सूचना मिलते ही पिता राधेश्याम, माता मीरा देवी, दादा हितलाल और छोटा भाई रवि समेत परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई, लेकिन सफलता नहीं मिली। नहर विभाग को पानी बंद कराने की सूचना दी गई, पर दोपहर तक आपूर्ति बंद नहीं होने से ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया। उन्होंने घटनास्थल के पास सड़क जाम कर दिए।करीब साढ़े चार बजे मुख्य मार्ग से 500 मीटर दूर नहर में गोताखोरों को शव मिला जिसके बाद सड़क जाम खुला और आवागमन सुचारू रूप से चालू हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!