*बदलापुर में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई:तीन निजी अस्पतालों पर छापेमारी*
शिवपूजन मिश्रा
जौनपुर: जिले में अवैध एवं मानकों के विपरीत संचालित निजी अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बदलापुर क्षेत्र के तीन निजी अस्पतालों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई से निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया|
जांच के दौरान मानस हॉस्पिटल में गंभीर अनियमितताएं और मानकों के उल्लंघन पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। अस्पताल में भर्ती तीन मरीजों को सुरक्षित दूसरे अस्पताल में शिफ्ट कराया गया।
वहीं विमला हॉस्पिटल में कमियां मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने संचालक को नोटिस जारी किया है। दूसरी ओर वैष्णो हॉस्पिटल जांच के समय बंद मिला, जबकि उसका संचालक मौके से फरार बताया गया।
बताया जा रहा है कि जिले से पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम अस्पतालों के दस्तावेजों, पंजीकरण और अन्य आवश्यक मानकों की गहन जांच कर रही है। कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र के निजी अस्पतालों में हड़कंप का माहौल है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना मानकों के संचालित अस्पतालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
