सीएमओ कार्यालय में करंट से झुलसा इलेक्ट्रीशियन, हालत गंभीर

*सीएमओ कार्यालय में करंट से झुलसा इलेक्ट्रीशियन, हालत गंभीर*

********************

*अरुण कुमार जायसवाल ( जिला ब्यूरो)*

जौनपुर। मतापुर स्थित सीएमओ कार्यालय में मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे बिजली का फाल्ट ठीक करते समय एक निजी इलेक्ट्रीशियन गंभीर रूप से झुलस गया। हादसा शॉर्ट सर्किट के चलते हुआ।

 

जानकारी के अनुसार, चाचकपुर मोहल्ला निवासी 52 वर्षीय योगेश मौर्य लंबे समय से सीएमओ कार्यालय में बिजली से जुड़े कार्य करते रहे हैं। मंगलवार को कार्यालय में बिजली की खराबी आने पर उन्हें मरम्मत के लिए बुलाया गया था।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, योगेश मौर्य पैनल बोर्ड में काम कर रहे थे, तभी अचानक दो केबल आपस में टकरा गईं। इससे तेज शॉर्ट सर्किट हुआ और वह करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया।

 

घटना की सूचना मिलते ही 108 Ambulance Service को बुलाया गया। एंबुलेंस से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां बर्न वार्ड में उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, वह लगभग 30 प्रतिशत तक झुलस गए हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

 

सीएमओ डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही स्टाफ को अस्पताल भेजा गया और इलाज में हर संभव सहायता दी जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद कार्यालय परिसर में सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि पुरानी वायरिंग और बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के काम कराया जा रहा था।

 

घायल के परिजन अस्पताल में मौजूद हैं और चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *