*सुलतानपुर में शांति व्यवस्था के लिए बड़ी कार्रवाई, शांति भंग की आशंका में 20 लोग गिरफ्तार*
सुलतानपुर। जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुलतानपुर पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए शांति भंग की आशंका में 20 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपितों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत कार्रवाई कर उन्हें संबंधित न्यायालय एवं उपजिलाधिकारी के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक चारु निगम के निर्देशन में अपराध एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह के मार्गदर्शन तथा संबंधित क्षेत्राधिकारियों की निगरानी में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान थाना मोतिगरपुर क्षेत्र से 10, थाना बल्दीराय से 9 तथा थाना धनपतगंज से 1 व्यक्ति को शांति भंग की आशंका के आधार पर हिरासत में लिया गया। इसके बाद सभी को नियमानुसार न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने, शांति भंग करने वाले तत्वों पर अंकुश लगाने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
