आदि गंगा गोमती तट पर माघ अमावस्या कुंभ स्नान

*आदि गंगा गोमती तट पर माघ अमावस्या कुंभ स्नान*

*श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़*

*सिगरामऊ पुलिस ने किए सुरक्षा के कड़े इंतजाम*
*********************
*संवाद: शिवपूजन मिश्रा*


सिगरामऊ। माघ अमावस्या कुंभ के पावन अवसर पर सिगरामऊ क्षेत्र के बघाड़ी ग्राम पंचायत अंतर्गत आदि गंगा गोमती नदी के आस्था केंद्र इमलिया घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तड़के से ही स्नानार्थियों का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। अवसर पर घाट परिसर में मेले का भी आयोजन किया गया, जिससे माहौल श्रद्धा और उत्साह से सराबोर रहा।

उल्लेखनीय है कि गोमती नदी का इस पार का घाट जनपद जौनपुर में स्थित है, जबकि उस पार का घाट जनपद सुल्तानपुर के करौदी थाना क्षेत्र में आता है। भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सिगरामऊ थाना प्रभारी सैयद हुसैन मुंतज़र ने कड़े इंतजाम किए। घाटों के दोनों ओर पुलिस बल की तैनाती रही, जिससे स्नान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है जो देर शाम तक चलेगा।

श्रद्धालु स्नान के उपरांत बगल में स्थित भगवान भोलेनाथ के मंदिर में जलाभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित करते नजर आए। मेले में बच्चों और बुजुर्गों ने जमकर आनंद लिया। लोगों ने मिठाइयों सहित दैनिक उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी की।

इधर, मान्यता के अनुसार मेढा घाट पर भी श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ देखी गई। मेढा घाट पर स्थित बाबा गोमतेश्वर नाथ मंदिर को मेधा ऋषि की तपस्थली माना जाता है, जहां आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर आस्था व्यक्त की।
पूरे क्षेत्र में माघ अमावस्या कुंभ के अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *