गोंडा में सुसाइड करने वाले BLO के परिजन ने लगाए गंभीर आरोप, SDM धमकाते थे SIR में OBC वोटर्स के नाम हटाओ

*गोंडा में सुसाइड करने वाले BLO के परिजन ने लगाए गंभीर आरोप, SDM धमकाते थे SIR में OBC वोटर्स के नाम हटाओ*

प्रेम शर्मा

जौनपुर: बीएलओ की ड्यूटी पर लगे विपिन यादव की आत्महत्या के बाद परिजन ने गंभीर आरोप लगाने शुरू कर दिए हैं। पिता से लेकर साले तक ने प्रशासनिक अमले पर जो आरोप लगाए हैं, वो हैरत में डालने वाले हैं।परिजन का आरोप है कि विपिन पर ओबीसी वोटरों के नाम काटने का दबाव था। इससे वो परेशान था। ऐसा न करने पर उसे सस्पेंड कर देने और पुलिस से उठवा लेने की धमकी मिल रही थी।

गोंडा में आत्महत्या कर लेने वाले सहायक अध्यापक विपिन यादव जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मल्हनी गांव के रहने वाले थे। मंगलवार को उन्होंने ये आत्मघाती कदम उठाया था। मंगलवार की देर रात उनका शव जौनपुर पहुंचा। शव पहुंचते ही परिजन में चीख-पुकार मच गई। गांव में भी हर तरफ मातम छा गया। सुबह से ही सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा। किसी को यकीन ही नहीं हो रहा था कि एसआइआर के काम में जुटे विपिन यादव इतना बड़ा कदम उठा लेंगे।

शव घर आने के बाद परिजन ने आरोप लगाया कि विपिन पर अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा था। साले प्रतीक यादव ने कहा कि एक दिन पहले ही उनकी जीजा से बात हुई थी। उन्होंने बताया था कि प्रशासनिक अमला उन पर दबाव बना रहा है कि एसआइआर के दौरान ओबीसी वोटरों के नाम काट दिए जाएं, अगर वे ऐसा नहीं करेंगे तो उनको सस्पेंड कर दिया जाएगा। पुलिस भेजकर घर से उठवा लिया जाएगा। विपिन ने ऐसा करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद उन पर अनावश्यक दबाव बनाया जाने लगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *