मुंगरा बादशाहपुर: साले ने कराया दो भाइयों का कत्ल, जेल से रची गई साजिश

*मुंगरा बादशाहपुर: साले ने कराया दो भाइयों का कत्ल, जेल से रची गई साजिश*

*पैसे और जमीन की रंजिश में खून से लिखी कहानी*

*********************

*संवाद: माता चरण पांडे*

जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में 13 सितंबर की रात हुई दोहरी हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने शनिवार तड़के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर सनसनीखेज साजिश का पर्दाफाश किया। चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या की साजिश मृतकों के सगे साले ने ही रची थी।

 

पैसे और बेइज्जती की रंजिश बनी खूनी वजह

गिरफ्तार आरोपी टुन्ने उर्फ मोहम्मद कलीम (धनबाद निवासी) ने पूछताछ में बताया कि मारे गए शाहजहाँ (60) और जहाँगीर (45) उसके कारोबार का पैसा हड़प गए थे। पैसे माँगने पर दोनों भाई उसके घर पहुँचे और उसकी माँ से मारपीट कर बेइज्जत किया। इसी अपमान का बदला लेने के लिए उसने हत्या की योजना बनाई।

 

जेल से बना हत्या का ब्लूप्रिंट

दूसरा आरोपी इन्तखाब उल मुख्तार (सोनभद्र निवासी) ने बताया कि यह साजिश जिला कारागार जौनपुर में बंद कुख्यात अपराधी सोनू उर्फ सिराज के इशारे पर रची गई थी। सोनू उसका मामा है और जेल से ही मोबाइल के जरिए पैसों का लेन-देन और सुपारी का खेल चलता था।

 

जमीन विवाद से तीसरे आरोपी की दुश्मनी

तीसरा आरोपी सच्चे उर्फ मुअज्जम (जौनपुर निवासी) का भी मृतकों से जमीन और कारोबार को लेकर विवाद था। उसने बताया कि इससे पहले भी जहाँगीर को मुंबई में शूटरों के जरिए मारने की कोशिश की गई थी, लेकिन शक होने पर वह घर से निकलना बंद कर दिया था।

 

शादी का कार्ड बाँटकर लौट रहे थे भाई

घटना वाली रात दोनों भाई शादी का कार्ड बाँटकर लौट रहे थे। जैसे ही वे रामनगर के पास पहुँचे, घात लगाए हमलावरों ने उन्हें गोलियों से भून डाला। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

 

पुलिस ने ऐसे दबोचे आरोपी

पुलिस ने शनिवार सुबह करीब 5:25 बजे तरहटी मोड़ के पास से तीनों को दबोच लिया। उनके पास से दो मोबाइल फोन और 740 रुपये नकद बरामद हुए।

 

पर्दाफाश करने वाली टीम

इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी के.के. सिंह, उपनिरीक्षक गंगा सागर मिश्र, हेड कांस्टेबल राकेश यादव, कांस्टेबल पंकज मिश्रा, संदीप यादव, जितेंद्र यादव और राकेश मणि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!