*स्कूल वैन खाई में पलटी, 12 से अधिक बच्चे घायल*
*पांच वर्षीय छात्र की हालत गंभीर, ग्रामीणों ने शीशे तोड़कर बच्चों को सुरक्षित निकाला*
*******************
*संबाद :माता चरण पांडे*
जौनपुर। सुजानगंज थाना क्षेत्र के बेलवार गांव में गुरुवार को बच्चों से भरी एक स्कूल वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे के समय वैन में लगभग 18 से 20 छात्र-छात्राएं सवार थे। दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों में पांच वर्षीय छात्र अभी यादव की स्थिति नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे प्रयागराज के उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया गया। थाना प्रभारी अमित कुमार पाण्डेय स्वयं सरकारी वाहन से बच्चे को बेहतर इलाज के लिए लेकर रवाना हुए।
हादसे में स्कूल की शिक्षिका संध्या यादव तथा छात्रा श्रेजा यादव भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वैन के शीशे तोड़कर अंदर फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस और एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद एक बार फिर स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और परिवहन मानकों पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से स्कूल वाहनों की नियमित जांच कराने तथा सुरक्षा संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
