*प्रतापगढ़ में 100 किलो नकली देसी घी बरामद अनिक कंपनी के नाम पर बेचा जा रहा था*
*स्पेशल टीम और कुंडा पुलिस की संयुक्त कार्यवाही से हुआ खुलासा तीन दुकानों पर हुई छापेमारी*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़ के कुंडा कोतवाली क्षेत्र में नकली देशी घी बनाने और बेचने का मामला सामने आया है। कुंडा पुलिस और एसओजी की टीम ने कंपनी के कर्मचारियों के साथ बाबूगंज बाजार में तीन दुकानों पर छापेमारी की।इस कार्रवाई में पुलिस ने 100 किलो नकली देशी घी बरामद किया। इसमें 1 किलो के 23 पैकेट, 500 ग्राम के 63 पैकेट, 200 ग्राम के 103 पैकेट और 100 ग्राम के 255 पैकेट शामिल हैं। आरोपी अनिक नाम की प्रसिद्ध घी कंपनी के रैपर का इस्तेमाल कर नकली घी को असली के दाम पर बेच रहे थे।पुलिस ने देव स्टोर, भोला किराना स्टोर और गंगा ट्रेडर्स के खिलाफ कॉपीराइट समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। दुकान मालिक मौके से फरार हो गए हैं। स्थानीय लोगों की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। सीओ कुंडा अमरनाथ गुप्ता के अनुसार, आरोपी नकली और मिलावटी घी को कम कीमत पर कई दुकानों में सप्लाई करते थे। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
