*प्रतापगढ़ : बिना नोटिस पत्थरगड़ी का आरोप, ग्रामीणों ने उठाए राजस्व कार्रवाई पर सवाल*
*सीमांकन के दौरान दूसरे गाटों में पत्थर गाड़ने का आरोप, प्रभावित पक्ष ने एसडीएम से निष्पक्ष जांच की मांग*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़। नगर पंचायत ढकवा (नीमा) के निवासी प्रदीप सरोज एवं आदर्श मिश्र ने राजस्व विभाग की सीमांकन कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि विपक्षी जीतलाल सरोज पुत्र रामदास सरोज आदि द्वारा गाटा संख्या 197 (ख) से संबंधित धारा 24 का मुकदमा उपजिलाधिकारी पट्टी के न्यायालय में विचाराधीन था, जिस पर उपजिलाधिकारी द्वारा पत्थरगड़ी का आदेश पारित
किया गया था। बताया गया कि 20 जुलाई 2026 (सोमवार) को राजस्व विभाग की टीम सीमांकन एवं पत्थरगड़ी के लिए मौके पर पहुंची। आरोप है कि नापी के बाद राजस्व टीम ने गाटा संख्या 411, जो प्रदीप सरोज आदि के नाम दर्ज है, तथा गाटा संख्या 218 एवं 224, जो शिवनाथ मिश्र आदि के नाम दर्ज हैं, उनमें लगभग दो लाठा अंदर धान की फसल में पत्थर गाड़ दिए।प्रदीप सरोज एवं आदर्श मिश्र का कहना है कि इस कार्रवाई की जानकारी मिलने पर उन्होंने मौके पर
पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। उनका आरोप है कि उन्हें न तो संबंधित मुकदमे का कोई नोटिस मिला और न ही राजस्व निरीक्षक अथवा लेखपाल द्वारा सीमांकन की तिथि की कोई सूचना दी गई। उनका कहना है कि नियमानुसार संबंधित पक्षकारों को नोटिस देकर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाना चाहिए था। यदि उन्हें सूचना मिलती तो वे उपजिलाधिकारी पट्टी के समक्ष अपना पक्ष प्रस्तुत करते। उनका
कहना है कि बिना सूचना और पक्ष सुने की गई कार्रवाई न्यायसंगत नहीं है। प्रभावित पक्ष ने उपजिलाधिकारी पट्टी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने तथा यदि कोई त्रुटि हुई हो तो उसका निराकरण कराने की मांग की है।
*इस संबंध में उपजिलाधिकारी पट्टी पूर्णेन्दु मिश्र से बात किए जाने पर उन्होंने बताया कि पूर्व में न्यायालय द्वारा पारित आदेश का ही राजस्व टीम द्वारा क्रियान्वयन कराया गया है। यदि किसी पक्ष को कोई आपत्ति है तो वह सक्षम न्यायालय के समक्ष अपनी बात रख सकता है। न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत तथ्यों के आधार पर जो भी न्यायोचित कार्रवाई होगी, की जाएगी।*
