नेवादा गांव में 5 वर्षीय मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

*नेवादा गांव में 5 वर्षीय मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत*

*********************

*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*

जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के नेवादा गांव में मंगलवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। गांव निवासी दिलीप कुमार तिवारी की पांच वर्षीय बेटी अंशिका तिवारी का शव घर के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया।

 

जानकारी के अनुसार, तिवारी परिवार सुबह करीब 4:30 बजे जागा तो अंशिका कहीं दिखाई नहीं दी। परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चला। आखिरकार सुबह करीब 9 बजे पुलिस को सूचना दी गई।

 

पुलिस और ग्रामीणों की मदद से की गई खोजबीन के दौरान अंशिका का शव घर के अंदर चौकी के नीचे मिला। आनन-फानन में परिजन उसे डॉक्टर के पास ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

घटनास्थल की जांच में एक टूटा हुआ बिजली का तार बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि करंट लगने से बच्ची की मौत हुई होगी। थाना प्रभारी निरीक्षक देवानंद रजक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *