*फिर बढ़ने लगी गंगा, तटवर्ती क्षेत्रों में बढ़ी मुश्किलें*
संवाद- प्रशांत तिवारी
गंगा का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है। रविवार को तीसरी बार जलस्तर में वृद्धि रिकॉर्ड की गई। तीन सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है, जिससे तटवर्ती इलाकों में रह रहे लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।
रविवार दोपहर 1 बजे तक गंगा का जलस्तर 69.57 मीटर दर्ज किया गया। यह स्तर लगातार ऊपर की ओर बढ़ रहा है। गौरतलब है कि वाराणसी में गंगा का चेतावनी बिंदु 70.262 मीटर और खतरे का बिंदु 71.262 मीटर तय है।
पिछले कुछ दिनों में गंगा का जलस्तर घटने लगा था, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली थी। लेकिन अगस्त की शुरुआत और अंत के बाद अब सितंबर माह में भी पानी के बढ़ाव ने तटवर्ती गांवों और घाटों को फिर से जलमग्न कर दिया है।
गंगा किनारे रह रहे लोग घरों से सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं। वहीं, घाटों पर जलभराव के कारण स्नान-पूजन की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
स्थानीय प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है।