घर से लापता बच्चे का शव तालाब में मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

*घर से लापता बच्चे का शव तालाब में मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका*

प्रेम शर्मा

जौनपुर: सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मिहरावां गांव स्थित तालाब में 12 वर्षीय अजीत कुमार यादव का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।नाक से खून निकला होने व कमर पर चोट से हत्या की आशंका जताई जा रही है। मामले की छानबीन में जुटी पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण साफ हो पाएगा।

इसी थाना क्षेत्र के सिद्दीकपुर निवासी सोनू यादव ने मिहरावां में भी भूमि लेकर घर बनवा रखा है। उनका 11 वर्षीय इकलौता पुत्र अजीत कुमार यादव गुरुवार की शाम पांच बजे अचानक घर से लापता हो गया। देरशाम तक न लौटने पर स्वजन खोजबीन में जुट गए। रातभर तलाश किए, लेकिन कहीं पता नहीं चला। सुबह शौच के लिए गए कुछ ग्रामीणों ने तालाब में बालक का शव उतराया देखकर शोर मचाया।

मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। शव तालाब से निकाला गया। उसकी शिनाख्त अजीत कुमार यादव के रूप में हुई। पता चलते ही रोते-बिलखते स्वजन तालाब पर पहुंच गए। मृत बालक की नाक से खून निकला होने व कमर पर चोट से हत्या की आशंका जताई जाने लगी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर विधिक प्रक्रिया पूरी की।

थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव ने कहा कि सरसरी तौर पर डूबने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। तीन डाक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है। घटना से संभावित हर बिंदु की बारीकी से छानबीन की जा रही है। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगा। उसी आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!