*ग्रामीणों की अनूठी पहल: पशु-पक्षियों के लिए ट्यूबवेल चलाकर अमृत सरोवर में भर रहे पानी*
********************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
सिंगरामऊ/जमऊपट्टी ग्राम पंचायत में सूख रहे अमृत सरोवर को लेकर ग्रामीणों ने मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश की है। भीषण गर्मी और जल संकट के बीच गांव के लोगों ने पशु-पक्षियों एवं बेजुबान जानवरों की प्यास बुझाने के लिए आपसी सहयोग से चंदा इकट्ठा कर डीजल चालित ट्यूबवेल के माध्यम से सरोवर में पानी भरना शुरू किया है। ग्रामीणों की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

गौरतलब है कि सरकार की मंशा के अनुरूप ग्राम प्रधान द्वारा इस अमृत सरोवर का निर्माण कराया गया था। सरोवर के चारों ओर सफेद ईंटों का खड़ंजा लगाया गया है, जिससे इसकी सुंदरता देखते ही बनती है। ग्राम रोजगार सेवक विद्याकांत शुक्ला एवं ग्राम विकास अधिकारी दुर्गेश तिवारी द्वारा यहां वृक्षारोपण भी कराया गया था। अब पेड़ बड़े होकर छायादार हो चुके हैं और यह स्थान लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है।
हरे-भरे पेड़ों और रमणीक वातावरण से आच्छादित यह सार्वजनिक स्थल सुबह-शाम मॉर्निंग वॉक करने वालों से गुलजार रहता है। हालांकि तालाब के सूख जाने से पशु-पक्षियों के सामने पेयजल संकट खड़ा हो गया था, जिसे देखते हुए ग्रामीणों ने यह सराहनीय कदम उठाया।
इस नेक कार्य में प्रमुख रूप से रमेश यादव, डॉ. अंबरीश मौर्य, धीरज गुप्ता, शुभम शर्मा, मोहित गौतम, छुपन गुप्ता, सुरेश मौर्य, योगेंद्र नाथ मिश्रा, नन्हे मिश्रा, मुन्ना मिश्रा, प्रहलाद मौर्य, बेचन गुप्ता, काजू बरनवाल, रामानंद गुप्ता, शिवकुमार शर्मा उर्फ निकऊ एवं गुलाब मौर्य सहित कई ग्रामीण सहयोग कर रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर, तालाब में जल संचयन सुनिश्चित करने के लिए सफाई कर्मी जितेंद्र यादव द्वारा पानी आने वाली नाली की साफ-सफाई भी की जा रही है, ताकि वर्षा जल आसानी से तालाब तक पहुंच सके।
