*जफराबाद दोहरे हत्याकांड में शवों की तलाश जारी*
*48 घंटे बाद भी सभी बोरी बरामद नहीं*
*अरुण कुमार जायसवाल *
जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के लगभग 48 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस मृतक श्यामलाल और उनकी पत्नी बबिता के शव के सभी टुकड़े बरामद नहीं कर सकी है। आरोपित पुत्र द्वारा शवों के टुकड़े सीमेंट की बोरियों में भरकर गोमती नदी में फेंके जाने के बाद से पुलिस लगातार तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस ने 13 नावों और 15 गोताखोरों की मदद से लगभग 15 किलोमीटर के दायरे में बेंलाव पुल से लेकर केराकत क्षेत्र तक खोजबीन की, लेकिन अभी तक सभी बोरियों का पता नहीं चल सका है। पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि गोताखोरों की मदद से एक बोरी में शव के कुछ टुकड़े बरामद किए गए हैं, जिनकी पहचान श्यामलाल के रूप में हुई है। शेष बोरियों की तलाश जारी है और एसडीआरएफ से भी संपर्क किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि आरोपित अम्बेश कुमार ने 9 दिसंबर की सुबह 4 से 5 बजे के बीच छह सीमेंट की बोरियों में माता-पिता के शव के टुकड़े भरकर बेंलाव पुल से गोमती नदी में फेंके थे। बेंलाव घाट पुलिस चौकी पुल के समीप ही स्थित है।
पड़ोसियों के अनुसार अम्बेश पढ़ा-लिखा और शांत स्वभाव का युवक था। पड़ोसी शांति ने बताया कि वह गांव में बहुत कम रहता था। वहीं अच्छेलाल ने कहा कि उनका परिवार बेहद अच्छा था और इस घटना से सभी लोग आहत हैं।
गौरतलब है कि जफराबाद थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव निवासी अम्बेश कुमार उर्फ रिंकू (36) ने 8 दिसंबर की रात सिलबट्टे से हमला कर अपनी मां बबिता (60) और पिता श्यामलाल (62) की हत्या कर दी थी। इसके बाद उसने आरी से दोनों शवों को तीन-तीन टुकड़ों में काट दिया। पुलिस पूछताछ में अम्बेश ने स्वीकार किया कि मां को काटते देख पिता श्यामलाल चीखने लगे थे, जिसके बाद उसने रस्सी से उनका गला कस दिया। बाद में शवों के टुकड़े प्लास्टिक की बोरियों में भरकर सई और गोमती नदी में अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए।
अम्बेश अपने परिवार का इकलौता पुत्र है। बीटेक की पढ़ाई के बाद वह कोलकाता में नौकरी करता था। उसने एक मुस्लिम महिला से प्रेम विवाह किया था, जो कोलकाता में ब्यूटी पार्लर चलाती है। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार पत्नी से तलाक और संपत्ति को लेकर परिवार में लगातार विवाद चल रहा था। एएसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव के मुताबिक परिवार के लोग अम्बेश पर तलाक का दबाव बना रहे थे, जबकि रुपये और संपत्ति के लेनदेन को लेकर भी विवाद गहराया हुआ था।
मृतक दंपती मूल रूप से केराकत थाना क्षेत्र के टड़वा खर्गसेनपुर गांव के निवासी थे और वर्तमान में नवासे पर अहमदपुर गांव में रह रहे थे। क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता ने बताया कि जफराबाद थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
