सुल्तानपुर : पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ओवरस्पीडिंग रोकने के सख्त निर्देश*
त्योहारों से पहले सड़कें होंगी गड्ढामुक्त, ब्लैक स्पॉट पर बढ़ेगी सुरक्षा व्यवस्था*
सुलतानपुर। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल की संयुक्त अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा एवं आगामी त्योहारों के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे सहित जनपद की प्रमुख सड़कों पर पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में एक्सप्रेसवे के सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए 16 पेट्रोलिंग वाहन, दो कंट्रोल रूम, चार सब सेंटर और 24 एंबुलेंस संचालित हैं। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 14449 के माध्यम से भी सेवाएं उपलब्ध हैं। जिलाधिकारी ने दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण कर गति सीमा नियंत्रित करने और सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने को कहा। डीएम ने लोक निर्माण विभाग, मंडी समिति एवं नगर पालिका सहित संबंधित विभागों को चार दिनों के भीतर अपने अधीनस्थ मार्गों को गड्ढामुक्त कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही दुर्घटना संभावित स्थलों एवं ब्लैक स्पॉट पर रिफ्लेक्टर, चेतावनी बोर्ड, रेडियम साइनेज, रंबल स्ट्रिप और व्हाइट लाइन मार्किंग कराने को कहा। प्रवर्तन कार्रवाई की समीक्षा में एआरटीओ ने बताया कि विगत रात्रि से अब तक 36 चालान किए गए हैं तथा इस माह 40 बसों का चालान किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, शराब पीकर वाहन चलाने और मॉडिफाइड साइलेंसर के इस्तेमाल पर विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने टोल प्लाजा पर एनाउंसमेंट एवं सूचना बोर्ड के माध्यम से आमजन को जागरूक करने तथा पुलिस को नियमित ड्रिंक एंड ड्राइव जांच कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग, यूपीडा, राष्ट्रीय राजमार्ग, नगर पालिका एवं क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के अधिकारी और अभियंता उपस्थित रहे।
