प्रतापगढ़:सीडीओ की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न*
सड़कों पर घूमते निराश्रित गोवंश को तत्काल गौशालाओं में पहुंचाएं, 15 दिन चलेगा जागरूकता अभियान*
प्रतापगढ़। विकास भवन सभागार में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने कहा कि सड़कों पर निराश्रित गोवंश दिखाई देने पर संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर उन्हें तत्काल नजदीकी गौशालाओं में संरक्षित कराया जाए। उन्होंने सभी सड़कों की नियमित साफ-सफाई कराने, दुर्घटना बाहुल्य स्थलों पर संकेतक व चेतावनी बोर्ड लगवाने तथा 15 दिन का विशेष जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। वाहन चलाते समय मोबाइल पर वीडियो देखने और रील बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को भी कहा। भुपियामऊ ओवरब्रिज पर जाम की समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। बैठक में ई-डार पोर्टल पर दुर्घटनाओं का विवरण दर्ज करने की समीक्षा की गई। सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले गुड सेमेरिटन को सम्मानित करने की भी जानकारी दी गई। सीडीओ ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में परियोजना निदेशक दयाराम यादव, एआरटीओ ए.के. शुक्ला, अधिशासी अभियंता ओ.पी. चौरसिया, ट्रांसपोर्ट यूनियन अध्यक्ष विजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


