डीएम सैमुअल पाल एन. ने स्वास्थ्य विभाग की बैठक में दिए सख्त निर्देश

डीएम सैमुअल पाल एन. ने स्वास्थ्य विभाग की बैठक में दिए सख्त निर्देश

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने स्वास्थ्य विभाग की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और आमजन को समय से उपचार उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

 

बैठक में बिना पंजीकरण संचालित अस्पतालों और अल्ट्रासाउंड सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि अवैध रूप से संचालित स्वास्थ्य संस्थानों पर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

 

सर्पदंश की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही सर्पदंश से प्रभावित गांवों में विशेष जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को बचाव और तत्काल उपचार के प्रति जागरूक करने को कहा।

 

डीएम ने डेंगू एवं टीबी मरीजों को बेहतर और समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को मरीजों की नियमित निगरानी तथा आवश्यक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने एंबुलेंस सेवाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी एंबुलेंस में जरूरी उपकरण, दवाएं और अन्य सुविधाएं हर हाल में दुरुस्त रहें, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।

 

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समय से पहुंचाया जाए और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!