**चांदा पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का किया खुलासा, चार चोरी की बाइक बरामद*
*एक आरोपी गिरफ्तार, बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में; मेले और मंदिरों में करते थे बाइकों की रेकी*
दधीच विश्वकर्मा
चांदा (सुलतानपुर)। थाना चांदा पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद बाइकों में पल्सर, हीरो स्पेलेंडर, हीरो स्पेलेंडर प्लस और हीरो एचएफ-डीलक्स शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक मुखबिर की सूचना पर टीम ने अल्लन ईंट भट्ठा, ग्राम मदारडीह के पास कार्रवाई करते हुए नीरज सरोज पुत्र प्रेमचन्द्र निवासी फुटेला, थाना चांदा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार बरामद मोटरसाइकिलें सुलतानपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के साथ ही प्रतापगढ़ से चोरी की गई थीं। इनमें लम्भुआ, मोतिगरपुर और कोतवाली देहात क्षेत्र की चोरी की घटनाएं भी शामिल हैं।
*मेले और मंदिरों में करते थे रेकी*
पूछताछ में बाइक चोरी करने का तरीका भी सामने आया। पुलिस के अनुसार आरोपी मेले और त्योहारों के दौरान मंदिरों के आसपास खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही बाइक का लॉक तोड़कर उसे चोरी कर फरार हो जाते थे। बाद में चोरी की बाइकों को दूसरे स्थानों पर खपाने का प्रयास किया जाता था।
*आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे*
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार नीरज सरोज के खिलाफ चांदा, मोतिगरपुर और कोतवाली देहात थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, चोरी समेत अन्य धाराओं के मामले शामिल हैं। बरामदगी के आधार पर थाना चांदा में मु0अ0सं0 267/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
*सात सदस्यीय टीम ने की कार्रवाई*
पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर विनीत जायसवाल के निर्देशन में हुई कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार वर्मा, उपनिरीक्षक अवधेश कुमार यादव, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र कुमार मिश्रा, हेड कांस्टेबल रोहित सोनी, हेड कांस्टेबल सुरजीत यादव, कांस्टेबल प्रभात और कांस्टेबल शकील अहमद शामिल रहे।
पुलिस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और चोरी की अन्य मोटरसाइकिलों के संबंध में जांच कर रही है।
