*प्रतापगढ़ थाना क्षेत्र आसपुर देवसरा के अंतर्गत तंबूरा नाले में डूबने से दो बच्चों की मौत, गांव में पसरा मातम*

*प्रतापगढ़ थाना क्षेत्र आसपुर देवसरा के अंतर्गत तंबूरा नाले में डूबने से दो बच्चों की मौत, गांव में पसरा मातम*

अनिल मिश्र

प्रतापगढ़। आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के दफरा गांव में मंगलवार दोपहर तंबूरा नाले में नहाने गए दो बच्चों की गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। दोनों छह दोस्तों के साथ नाले में नहाने गए थे। हादसे में चार बच्चे सुरक्षित घर लौट आए। दफरा गांव के छह बच्चे दोपहर करीब एक बजे गांव से लगभग 800 मीटर दूर तंबूरा नाले में नहाने पहुंचे थे। नहाते समय विक्रम (13) पुत्र मूल नारायण वर्मा और अनव (10) पुत्र प्रदीप वर्मा नाले में जेसीबी से खोदे गए गहरे गड्ढे में डूबने लगे। साथ नहा रहे बच्चों ने शोर मचाया तो ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को नाले से बाहर निकाला और तत्काल सीएचसी पट्टी ले गए, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत

घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजन दोपहर करीब तीन बजे दोनों शवों को लेकर घर पहुंचे। विक्रम के पिता मूल नारायण प्रयागराज में पान की गुमटी चलाते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही वह प्रयागराज से घर के लिए रवाना हो गए। मां संगीता, बहन आस्था और छोटे भाई समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं अनव के पिता प्रदीप अमरगढ़ बाजार में जनरल स्टोर की दुकान चलाते हैं। अनव कक्षा चार का छात्र था। उसकी मौत से मां निशा वर्मा समेत परिजनों और रिश्तेदारों में गहरा मातम पसरा है। परिजनों के अनुसार मंगलवार सुबह से बारिश हो रही थी। बारिश के कारण जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कक्षा आठ तक के बच्चों के लिए अवकाश घोषित किया था। स्कूल बंद होने के चलते बच्चे नाले में नहाने चले गए थे। सूचना मिलते ही आसपुर देवसरा थाना अध्यक्ष राकेश चौरसिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। थाना अध्यक्ष ने बताया कि परिजनों से प्रार्थना पत्र लिया गया है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। एक साथ दो मासूमों की मौत से दफरा गांव में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!