चोरी की तीन वारदातों का खुलासा, चार गिरफ्तार

*चोरी की तीन वारदातों का खुलासा, चार गिरफ्तार*

*13,500 रुपये नकद, दो बैटरी और इन्वर्टर बरामद; नशे की लत पूरी करने के लिए करते थे चोरी*

सम्बाददाता दधीच विश्वकर्मा

सुलतानपुर। कुड़वार और कोतवाली नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने चोरी की तीन घटनाओं का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 13,500 रुपये नकद, दो बैटरी और एक इन्वर्टर बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए दुकानों की रेकी कर चोरी करते थे।

पुलिस के मुताबिक 12/13 जुलाई की रात कुड़वार क्षेत्र में कन्या जूनियर स्कूल के पास स्थित अवध ट्रेडिंग कंपनी की दुकान का ताला तोड़कर करीब 40 हजार रुपये चोरी किए गए थे। इसके बाद 15 जुलाई की रात रवानिया पूरब में चोरी का प्रयास किया गया। यहां कुछ नहीं मिलने पर पास की किराना दुकान का शटर तोड़कर 55 हजार रुपये नकद, पर्स और अन्य सामान चोरी कर लिया गया था।

11 अगस्त को कोतवाली नगर क्षेत्र के पैगापुर स्थित पंचायत भवन से दो बैटरी और एक इन्वर्टर चोरी हुए थे। इन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं।

 

*गंजेहड़ी के पास घेराबंदी कर दबोचा*

सोमवार तड़के करीब 2:35 बजे मुखबिर की सूचना पर कुड़वार पुलिस और कोतवाली नगर की संयुक्त टीम ने गंजेहड़ी गांव के पास घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया। बरामद 13,500 रुपये में 6,800 रुपये एक मुकदमे और 6,700 रुपये दूसरे मुकदमे से संबंधित बताए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजाद हिन्द कोरी निवासी पूरे अधीन, सौरभ सिंह ठाकुर निवासी जयराजी का पुरवा, पंकज कुमार कोरी निवासी महमदपुर और शमशेर अली निवासी भट्टी जरौली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट, चोरी, मारपीट और आयुध अधिनियम समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!