खेत में काम के दौरान गिरी आकाशीय बिजली, ऑटो चालक की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

*खेत में काम के दौरान गिरी आकाशीय बिजली, ऑटो चालक की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़*

*******************

*संवाद :माता चरण पांडे*

जौनपुर/मीरगंज क्षेत्र के कसेरवा गांव में मंगलवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक ऑटो चालक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह बारिश के बीच अपने खेत में मेड़ बांधने का कार्य कर रहे थे। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

 

जानकारी के अनुसार, कसेरवा निवासी नंदलाल गिरी मंगलवार सुबह करीब आठ बजे खेत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उन पर गिर गई। आसपास मौजूद लोग तत्काल मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

 

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हल्का लेखपाल, नायब तहसीलदार शुभम तथा मीरगंज थानाध्यक्ष अरविंद सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

 

बताया गया कि नंदलाल गिरी ऑटो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार में उनकी पत्नी बबिता देवी, दो बेटियां, एक बेटा और वृद्ध मां हैं। वह परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी आकस्मिक मृत्यु से परिजनों पर आर्थिक और मानसिक संकट गहरा गया है।

 

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं, लगातार हो रही बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाओं के बीच लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और खेतों में काम करने से बचने की अपील भी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!