*मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुल्तानपुर में सुरक्षा का कड़ा घेरा, आज शहर में लागू रहेगा व्यापक रूट डायवर्जन*

*मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुल्तानपुर में सुरक्षा का कड़ा घेरा, आज शहर में लागू रहेगा व्यापक रूट डायवर्जन*

*पांच प्रमुख मार्गों से वाहनों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित, ई-रिक्शा संचालन पर पूर्ण रोक; 11 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था*

दधीच विश्वकर्मा

सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के मंगलवार को प्रस्तावित सुल्तानपुर भ्रमण एवं जनसभा कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने तथा यातायात को सुचारु रखने के उद्देश्य से पूरे शहर में व्यापक रूट डायवर्जन लागू किया गया है। प्रशासन ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए अनावश्यक रूप से शहर में प्रवेश न करने और जारी यातायात व्यवस्था का पालन करने का अनुरोध किया है।

क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सामन्त ने बताया कि भुलकी चौराहा, टेडुई, अमहट, पयागीपुर और कटावां की ओर से शहर में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। केवल उन्हीं वाहनों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी जिनके चालक या वाहन स्वामी यह प्रमाणित करेंगे कि वे शहर के निवासी हैं अथवा किसी आवश्यक कार्य से सुल्तानपुर आ रहे हैं।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान शहर में ई-रिक्शा का संचालन पूर्णतः बंद रहेगा। हालांकि एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस, प्रशासन तथा अन्य आवश्यक एवं आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित न हो।

प्रशासन ने नगर क्षेत्र में ठेला एवं वेंडिंग करने वाले सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे केवल नगरपालिका द्वारा निर्धारित वेंडिंग जोन में ही अपना व्यवसाय करें। निर्धारित स्थानों के अतिरिक्त कहीं भी ठेला लगाने की अनुमति नहीं होगी।

जनसभा में शामिल होने वाले लोगों के वाहनों के लिए प्रशासन ने 11 पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। बसों की पार्किंग पुलिस लाइन स्थित एमटी शाखा में होगी, जबकि करौंदिया ओवरब्रिज के नीचे, रेलवे मालगोदाम सहित अन्य चिन्हित स्थानों पर चारपहिया एवं दोपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

क्षेत्राधिकारी नगर ने कहा कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम जनपद के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे में नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें, अफवाहों से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुसरण करते हुए कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में अपनी सहभागिता निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!