*शटडाउन की पुष्टि बिना कराई गई मरम्मत, करंट लगने से बिजली कर्मी गंभीर रूप से घायल*
*******************
सिंगरामऊ, जौनपुर। लालगंज फीडर पर बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। कार्य के दौरान हाईटेंशन लाइन में अचानक करंट आने से खंभे पर चढ़ा एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे में उसके पैर में फ्रैक्चर भी हो गया। घटना के बाद विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 वर्षीय कुंदन बिजली लाइन पर मरम्मत का कार्य कर रहा था। आरोप है कि उसे यह जानकारी दी गई थी कि संबंधित फीडर का शटडाउन लिया जा चुका है। इसी भरोसे पर वह खंभे पर चढ़ा, लेकिन कुछ ही देर बाद लाइन में करंट प्रवाहित हो गया और वह उसकी चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया तथा नीचे गिरने से उसके पैर में भी चोट आई।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिंगरामऊ पहुंचाया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक वर्मा ने बताया कि युवक की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
घायल कुंदन का कहना है कि लाइनमैन नरेंद्र सिंह ने उसे यह बताते हुए खंभे पर चढ़ाया था कि बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है, जबकि वास्तविकता में लाइन चालू थी। इसी लापरवाही के कारण वह हाईटेंशन करंट की चपेट में आ गया।
घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग को लाइन पर कार्य शुरू कराने से पहले शटडाउन की अनिवार्य रूप से पुष्टि करनी चाहिए थी। स्थानीय नागरिकों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, घटना के संबंध में सिंगरामऊ के उपखंड अधिकारी (एसडीओ) से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। विभाग की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
