*विवाहिता ने लगाई फांसी, जांच में जुटी पुलिस*
अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)
जौनपुर: सुजानगंज थाना क्षेत्र के रायपुर कला गांव में सोमवार देर रात एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना घरेलू विवाद का बताया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान लगभग 30 वर्षीय रीना पटेल के रूप में हुई है, जो दिलीप पटेल की पत्नी थीं। घटना की सूचना मिलते ही सुजानगंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की।
रीना की शादी लगभग नौ वर्ष पहले हुई थी और उनके दो छोटे बच्चे हैं। बड़ी बेटी परी 5 वर्ष की है और बेटा दिवांस उर्फ गोलू 4 वर्ष का है। शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच घरेलू कलह को आत्महत्या का संभावित कारण माना जा रहा है।
वही पर मृतका के पिता ने थाने में लिखित तहरीर दी है और उन्होंने आरोप लगाया कि उनके दामाद और बेटी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। उन्होंने बताया कि लगभग एक महीने पहले उनकी बेटी ने अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर सुजानगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन तब आपसी सहमति से सुलह हो गई थी।
पिता के अनुसार, सोमवार देर शाम उन्हें फिर से घर में विवाद होने की सूचना मिली और उसके बाद रात में बेटी की आत्महत्या की खबर मिली। उन्होंने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
थाना प्रभारी अमित कुमार पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। उन्होंने पुष्टि की कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा विस्तृत जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
