*प्रतापगढ़: शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर डीएम सख्त*
*सम्पूर्ण समाधान दिवस में 137 फरियादी पहुंचे, 11 शिकायतों का मौके पर निस्तारण*
अनिल मिश्र
प्रतापगढ़, 05 सितम्बर। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील लालगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान डीएम ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 137 फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। इनमें राजस्व विभाग की 75, पुलिस विभाग की 17, विकास विभाग की 05, समाज कल्याण विभाग की 01, विद्युत विभाग की 01, आपूर्ति विभाग की 09 तथा अन्य विभागों से संबंधित 29 शिकायतें शामिल रहीं। प्राप्त शिकायतों में राजस्व की 07, पुलिस की 03 और अन्य विभाग की 01 सहित कुल 11 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया गया। पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने सुना।
*लेखपाल को डीएम ने लगाई कड़ी फटकार*
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान सगरा सुन्दरपुर के लेखपाल सर्वेश यादव द्वारा कार्यों में लापरवाही एवं उदासीनता बरते जाने का मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में आया। इस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए लेखपाल को फटकार लगाई और आवश्यक कार्रवाई के लिए उपजिलाधिकारी लालगंज को निर्देशित किया। डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत के निस्तारण में शिकायतकर्ता की संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता अथवा शिकायतों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी उन्होंने भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजने तथा स्थलीय जांच के आधार पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि विवादों का स्थायी समाधान हो सके जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी गरीब एवं पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
*एसपी ने थानाध्यक्षों को दिए निर्देश*
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने सभी थानाध्यक्षों को पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को विनम्रता और गंभीरता से सुना जाए तथा प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी लालगंज वाचस्पति सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
