ट्राली बैग में बम की सूचना से मचा हड़कंप, चला दो घंटे तक सर्च ऑपरेशन

*ट्राली बैग में बम की सूचना से मचा हड़कंप, चला दो घंटे तक सर्च ऑपरेशन*

अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)

जौनपुर: जंघई जंक्शन रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह ट्राली बैग में बम होने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और मीरगंज पुलिस ने स्टेशन पर लगभग 2 घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया। जांच में कुछ नहीं मिलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली।

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह 6.20 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने जंघई जीआरपी को फोन कर सूचना दी कि प्लेटफार्म नंबर एक पर एक ट्राली बैग में बम रखा है और उसमें से आवाज आ रही है।

सूचना मिलते ही जीआरपी ने तत्काल रेलवे कंट्रोल, आरपीएफ, जीआरपी और मीरगंज पुलिस को अलर्ट किया। थानाध्यक्ष मीरगंज अरविंद सिंह हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने आरपीएफ और जीआरपी के साथ मिलकर प्लेटफार्म नंबर 1 से 5 तक, यात्रियों के बैग और स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया का चप्पा-चप्पा छान मारा।

लगभग 2 घंटे तक चले इस सर्च ऑपरेशन के दौरान स्टेशन पर अफरातफरी का माहौल रहा। तलाशी में कहीं कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद भी एहतियातन प्रयागराज से बम निरोधक दस्ते को सूचना देकर बुलाया गया है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष मीरगंज अरविंद सिंह ने बताया कि “बम की सूचना पर पूरे स्टेशन का गहन निरीक्षण किया गया। कहीं कुछ नहीं मिला है। एहतियात के तौर पर बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया है। सूचना देने वाले के बारे में भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!