आपसी विवाद ने ली युवक की जान,पुलिस जांच में जुटी

*आपसी विवाद ने ली युवक की जान,पुलिस जांच में जुटी*

अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)

जौनपुर:थाना रामपुर क्षेत्र के राजापुर गांव में बीती रात आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजापुर निवासी दिनेश तिवारी उर्फ मोनू (लगभग 26 वर्ष) का पड़ोसी महावीर तिवारी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। मृतक के परिजनों का आरोप है कि महावीर तिवारी व उसके परिजनों ने दिनेश को अपने दरवाजे पर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हुई।परिजनों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच वर्षों से जमीन का विवाद चला आ रहा है, जिसका मामला दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि इसी पुराने विवाद के चलते दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था और बीती रात विवाद बढ़ने पर घटना घटित हो गई।

मृतक दिनेश तिवारी अपने पीछे दो वर्ष की मासूम पुत्री राधिका को छोड़ गया है। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है तथा गांव में शोक का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!