दो अंतरप्रांतीय तस्कर गिरफ्तार,40 लाख की हेरोइन जब्त’ बिहार से लाते थे मादक पदार्थ

*दो अंतरप्रांतीय तस्कर गिरफ्तार,40 लाख की हेरोइन जब्त’ बिहार से लाते थे मादक पदार्थ*

अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)

जौनपुर: सुजानगंज  क्षेत्र के सुजानगंज पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने लगभग 40 लाख रुपये मूल्य की 199 ग्राम हेरोइन के साथ दो अंतरप्रांतीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से दो मोबाइल फोन, दो पर्स, दो आधार कार्ड और 1,050 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।

पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत, सोमवार तड़के सुजानगंज पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर, सई नदी पुल के पास ग्राम बखोपुर में घेराबंदी कर दोनों तस्करों को रात करीब 1:50 बजे पकड़ा गया। इस कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी बदलापुर सुनील चंद्र तिवारी व शाहगंज गिरेन्द्र सिंह का पर्यवेक्षण रहा।

गिरफ्तार तस्करों की पहचान मो. सर्फुद्दीन राईनी (36 वर्ष) पुत्र मो. सुभान, निवासी स्टूवरगंज, वार्ड नं. 7, थाना मोहनियां, जिला कैमूर (भभुआ), बिहार, और वाजिद अली (19 वर्ष) पुत्र स्व. आबिद हुसैन, निवासी स्टूवरगंज, वार्ड नं. 7, थाना मोहनियां, जिला कैमूर (भभुआ), बिहार (वर्तमान पता सदर चौक, वार्ड नं. 34, थाना देहरी, जिला रोहतास, बिहार) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, ये दोनों अभियुक्त बिहार से हेरोइन लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर छोटे-छोटे पैकेट बनाकर नशे के आदी लोगों को बेचते थे। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि यह गिरोह प्रदेश के कई क्षेत्रों में सक्रिय है। पुलिस इनके नेटवर्क और अन्य संभावित आपराधिक गतिविधियों की गहनता से जांच कर रही है। वाजिद अली के बिहार में आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

इस मामले में थाना सुजानगंज में मु.अ.सं. 262/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

इस सफल कार्रवाई को क्षेत्राधिकारी शाहगंज गिरेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में थानाध्यक्ष अमित कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक आनन्द राय, हेड कांस्टेबल मानस तिवारी, कांस्टेबल वरुण यादव, कांस्टेबल अनिल कुमार गौड़ और कांस्टेबल विकेश चौहान की पुलिस टीम ने अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!