*प्रतापगढ़: नगर पंचायत ढकवा में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 2057 पौधों का रोपण*
*अध्यक्ष अशोक त्यागी बोले— विपक्ष विकास कार्यों में डाल रहा बाधा,*
अनिल मिश्र 
प्रतापगढ़। प्रदेश सरकार के “एक पेड़ मां के नाम” महाअभियान के अंतर्गत जनपद प्रतापगढ़ में 58 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में जिले भर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य
पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाना तथा आमजन को वृक्षों के महत्व के प्रति जागरूक करना है। नगर पंचायत ढकवा में भी अभियान के तहत विभिन्न वार्डों में बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक त्यागी ने नंदनवन पहुंचकर,
सभासद विकाश कुमार, शिवम सोनी,मनोज सिंह,मनोज गौतम,राजू मौर्या,राजन ठेकेदार,और कर्मचारियों के साथ पौधे लगाए तथा अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।
अध्यक्ष अशोक त्यागी ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 2057 पौधों का रोपण किया गया है। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि पौधे विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। इस दौरान अध्यक्ष अशोक त्यागी ने आरोप लगाया कि कुछ विपक्षी लोग नगर पंचायत के विकास कार्यों में लगातार अवरोध उत्पन्न कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वार्डों में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रस्ताव संबंधित विभाग को भेजा जा चुका है। साथ ही नगर पंचायत की
गौशाला बन के तैयार है । शासन द्वारा सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी कर के नगर पंचायत को हैंडोवर की जाती है। उसे भी चालू करा दिया जाएगा। उन्होंने नगरवासियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा सरकार के इस महाअभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि कम से कम एक पौधे का संरक्षण करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है।
