मछलीशहर व स्वाट टीम की साझा कार्रवाई मेंअंतरजनपदीय असलहा तस्करी गिरोह का खुलासा

*मछलीशहर व स्वाट टीम की साझा कार्रवाई मेंअंतरजनपदीय असलहा तस्करी गिरोह का खुलासा*

 

*तीन तस्कर गिरफ्तार; 12 अवैध हथियार और चोरी की बाइक बरामद*

*******************

*संवाद :माता चरण पांडे*

जौनपुर। मछलीशहर पुलिस और स्वाट टीम ने अवैध असलहा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजनपदीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पांच देशी पिस्टल, सात अवैध तमंचे और चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस अब गिरोह के मुख्य सरगना समेत नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

 

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मछलीशहर पुलिस और स्वाट टीम को यह सफलता मिली। पुलिस टीम ने दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन संदिग्धों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। जांच के दौरान दोनों मोटरसाइकिलें चोरी की निकलीं।

 

पूछताछ में आरोपियों ने अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त और विभिन्न जिलों में सप्लाई करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक गिरोह में एक देशी पिस्टल करीब 25 हजार रुपये और तमंचा लगभग पांच हजार रुपये में बेचा जाता था। आरोपी प्रयागराज, जौनपुर, मिर्जापुर समेत आसपास के जिलों में हथियारों की सप्लाई कर मुनाफा कमाते थे।पुलिस के अनुसार, गिरोह का मुख्य सरगना मिर्जापुर जिले के हलिया थाना क्षेत्र के हरसड़ निवासी सुनील दूबे पुत्र रामसिरोमणि दूबे है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

 

जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि सुनील दूबे का संपर्क किसी अन्य बड़े हथियार तस्करी सिंडिकेट से है या नहीं। इसके लिए पुलिस मैनुअल और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर गिरोह की गतिविधियों और संपर्कों की पड़ताल कर रही है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिव प्रकाश मिश्रा और मनकामेश्वर मिश्रा, निवासी ढोकरी गांव, तथा प्रियांशु शुक्ला, निवासी खोजापुर गांव, थाना फूलपुर, प्रयागराज के रूप में हुई है।

 

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों से गिरोह के संचालन और हथियारों की सप्लाई से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। अब पुलिस बरामद असलहों के स्रोत और उन्हें खरीदने वाले लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के मुताबिक जांच आगे बढ़ने के साथ नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के नाम सामने आने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!