उर्वरक की दुकानों पर कृषि विभाग की छापेमारी, डीसीएफ केंद्र बंद मिलने पर नोटिस

उर्वरक की दुकानों पर कृषि विभाग की छापेमारी, डीसीएफ केंद्र बंद मिलने पर नोटिस

मंगेश कन्नौजिया

सिकरारा,।

जिलाधिकारी के निर्देश पर किसानों को निर्धारित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को कृषि विभाग की टीम ने सिकरारा क्षेत्र में उर्वरक एवं कृषि उत्पादों की दुकानों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया। अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के खाद विक्रेताओं में हड़कंप मच गया।

उप कृषि निदेशक डॉ. अश्वनी कुमार सिंह के नेतृत्व में जिला कृषि अधिकारी विनय कुमार तथा कृषि विभाग के अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने लालाबाजार, सिकरारा चौराहा, गुलजारगंज और समाधगंज स्थित उर्वरक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम ने लालाबाजार स्थित किसान घर,व एग्रीजंक्शन, सिकरारा चौराहा के खादभंडार गुलजारगंज की बहुद्देशीय समिति तथा अन्य खाद बिक्री केंद्रों पर उपलब्ध स्टॉक, मूल्य सूची, अभिलेखों एवं बिक्री व्यवस्था की जांच की।

निरीक्षण के दौरान गुलजारगंज स्थित डीसीएफ केंद्र बंद मिला। इस पर संबंधित संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया। वहीं अन्य दुकानदारों को निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत न लेने, किसी भी उर्वरक के साथ अनावश्यक टैगिंग न करने तथा जमाखोरी से बचने के सख्त निर्देश दिए गए।

उप कृषि निदेशक ने बताया कि जनपद में उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देश हैं कि यदि कोई उर्वरक विक्रेता ओवररेटिंग, टैगिंग या जमाखोरी करते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों से भी अपील की कि उर्वरक निर्धारित मूल्य पर ही खरीदें और किसी प्रकार की अनियमितता मिलने पर तत्काल कृषि विभाग को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!