*तालाब में डूबने से दो बालकों की मौत, गांव में मातम*
********************
*संवाद: माता चरण पांडे*

जौनपुर। मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के परहित गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में तालाब में नहाने गए दो बालकों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अरविंद का 12 वर्षीय पुत्र मोनू उर्फ सत्यम तथा लालबहादुर का 9 वर्षीय पुत्र उमंग मंगलवार को बिना किसी को बताए गांव के समीप स्थित तालाब में नहाने चले गए। उस समय परिवार के अधिकांश सदस्य खेतों में कटाई के कार्य में व्यस्त थे।
देर शाम तक दोनों बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और उनकी खोजबीन शुरू की गई। काफी तलाश के बाद गांव से लगभग 500 मीटर दूर स्थित तालाब में दोनों बच्चों के शव पाए गए। ग्रामीणों ने तत्काल शवों को बाहर निकाला।
बताया जाता है कि मोनू उर्फ सत्यम के पिता लालबहादुर दिल्ली में मजदूरी करते हैं। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था और गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था। वहीं, उमंग के पिता मुंबई में रहते हैं और घटना की सूचना मिलने पर घर के लिए रवाना हो चुके हैं। उमंग दो भाइयों में बड़ा था तथा किसान पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कक्षा सात का छात्र था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस हृदयविदारक घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है।
ग्राम प्रधान तथा क्षेत्रीय जनों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा के प्रति अभिभावकों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। साथ ही, तालाबों में नहाने से रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया। प्रबुद्ध जनों ने कहा कि इस पर हमें विचार करना चाहिए नहीं तो इसी तरह कई जिंदगियां काल के गाल में समाहित होती रहेगी।
