सुल्तानपुर: रेलवे ट्रैक पर मिला अज्ञात शव, ट्रेन से गिरकर मौत की आशंका; पुलिस जांच में जुटी
चांदा थाना क्षेत्र के महारानी पश्चिम कोइरीपुर रेलवे लाइन पर सुबह मिला शव, पहचान कराने का प्रयास जारी।
दधीच विश्वकर्मा
सुल्तानपुर। जनपद के थाना चांदा क्षेत्र में बुधवार (1 जुलाई) सुबह रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 7:00 बजे सूचना प्राप्त हुई कि महारानी पश्चिम कोइरीपुर रेलवे लाइन पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना चांदा पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया।
प्रथम दृष्टया पुलिस को आशंका है कि व्यक्ति की मौत चलती ट्रेन से गिरने के बाद ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और अन्य माध्यमों से भी पहचान सुनिश्चित करने की कोशिश जारी है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी लम्भुआ ऋतिक कपूर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के परिजन लापता हैं या मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो, तो तत्काल थाना चांदा पुलिस से संपर्क करें, ताकि शव की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा सके।
