*त्योहारों को लेकर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था तेज, एसपी ने अधिकारियों को दिए सुरक्षा के कड़े निर्देश*
संवाददाता दधीच विश्वकर्मा
सुलतानपुर। आगामी त्योहारों एवं बारावफात जुलूस को शांतिपूर्ण, सकुशल और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सुलतानपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है।
मंगलवार को पुलिस अधीक्षक श्रीमती चारू निगम ने जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, हल्का प्रभारियों और चौकी प्रभारियों के साथ ऑनलाइन गूगल मीट के माध्यम से बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए,और इस बैठक मे एसपी ने बारावफात जुलूस के निर्धारित मार्गों, रूट और संवेदनशील स्थानों की भी जानकारी ली ,तथा उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जुलूस मार्गों का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती चारु निगम ने कहा कि त्योहारों के दौरान सभी थाना क्षेत्रों में सघन पैदल गश्त बढ़ाई जाए। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमित चेकिंग के साथ संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। जुलूस के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं आपत्तिजनक सूचनाओं की लगातार निगरानी करने को कहा। किसी भी तरह की अफवाह या विवाद की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों से आमजन के साथ संवाद बनाए रखने और शांति एवं सद्भाव कायम रखने में लोगों का सहयोग लेने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं।
*सुलतानपुर पुलिस ने आमजन से भी त्योहारों के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।*
