प्रतापगढ़ में बीज विक्रेता का शव नहर में मिलने से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

*प्रतापगढ़ में बीज विक्रेता का शव नहर में मिलने से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका*

अनिल मिश्र

प्रतापगढ़, आसपुर देवसरा। थाना क्षेत्र के दयालगंज बाजार के पास मंगलवार सुबह एक बीज विक्रेता का शव नहर में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में

मिला, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद प्रयागराज रेफर किया गया है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। जानकारी के अनुसार, अकारीपुर गांव निवासी ओम प्रकाश पटेल (45) दयालगंज बाजार में बीज भंडार की दुकान संचालित करते थे। परिजनों का आरोप है कि सोमवार शाम करीब 7:30 बजे उमाशंकर यादव और बृजेश यादव उन्हें मोटरसाइकिल पर अपने साथ ले गए थे। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे दयालगंज बाजार के समीप नहर में ओम प्रकाश पटेल का शव बरामद हुआ। शव पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए तथा सिर और चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त था। घटनास्थल के पास ही उनके साथ गए बृजेश यादव अचेत एवं गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर प्रयागराज रेफर कर दिया गया।मृतक के पुत्र शिवम पटेल ने आसपुर देवसरा थाने में तहरीर देकर उमाशंकर यादव सहित अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के पीछे के कारणों तथा परिस्थितियों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!