प्रतापगढ़: आसपुर देवसरा में दूसरे आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
संवाददाता अनिल मिश्र
प्रतापगढ़ के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह हुई चोरी की वारदात के दूसरे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी डब्लू वर्मा के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को आसपुर देवसरा थाना पुलिस और स्पेशल टीम जलपा नहर, सैफाबाद के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल से जा रहे डब्लू वर्मा (पुत्र द्वारिका प्रसाद, निवासी पड़ी मुश्तर्का, थाना कंधई) को रोकने का प्रयास
किया गया। पुलिस का आरोप है कि खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवर, एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि इसी चोरी के मामले में एक अन्य आरोपी गोविंद सिंह को 6 अगस्त को भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था। उसके पास से भी चोरी के जेवर और अवैध हथियार बरामद हुए थे।पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ इस चोरी की वारदात का सफल खुलासा कर लिया गया है। हालांकि, मुठभेड़ और बरामदगी से जुड़े पुलिस के दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
