काशीराम आवास कॉलोनी में समस्याओं से जूझ रहे परिवारों का छलका दर्द, डॉ. आशीष तिवारी ने लिया जायजा

*काशीराम आवास कॉलोनी में समस्याओं से जूझ रहे परिवारों का छलका दर्द, डॉ. आशीष तिवारी ने लिया जायजा*

*टंकी का मोटर खराब होने से पेयजल संकट, शौचालय की समस्या से परेशान थे करीब 70 परिवार; समस्याओं के तत्काल निस्तारण के दिए निर्देश*

संवाददाता दधीच विश्वकर्मा

चांदा, सुलतानपुर। नगर पंचायत कोइरीपुर के विवेक नगर स्थित काशीराम आवास कॉलोनी में रहने वाले करीब 70 परिवार पिछले कई महीनों से मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रहे थे। शुक्रवार को सेवार्थम फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. आशीष तिवारी ने कॉलोनी पहुंचकर मौके का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

जायजा लेने के दौरान कॉलोनी में रह रहे लोगों ने अपनी समस्याएं बताते हुए कहा कि पानी की टंकी का मोटर खराब होने, टंकी की साफ-सफाई न होने तथा शौचालय की व्यवस्था प्रभावित होने से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शौचालय की समस्या के कारण कई लोगों को मजबूरी में बाहर जाना पड़ रहा है। स्थानीय परिवारों ने लंबे समय से चली आ रही इन समस्याओं के समाधान की मांग की।मामले को गंभीरता से लेते हुए डॉ. आशीष तिवारी ने प्रतापपुर कमैचा मंडल अध्यक्ष एवं सेवार्थम फाउंडेशन से जुड़े पदाधिकारी को समस्याओं के तत्काल निस्तारण के लिए निर्देशित किया। इसके बाद फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि टंकी का खराब मोटर ठीक करा दिया गया है तथा टंकी की साफ-सफाई भी करा दी गई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से चली आ रही समस्या के बीच पानी की टंकी का मोटर सही होने और सफाई कराए जाने से उन्हें राहत मिली है। लोगों ने समस्या को मौके पर सुनने और उसके समाधान की पहल करने के लिए डॉ. आशीष तिवारी का आभार जताया।वहीं डॉ. आशीष तिवारी ने कहा कि मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समय से समाधान होना जरूरी है। कॉलोनी में रहने वाले परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!