नहर में मिला लापता व्यक्ति का शव, हत्या का मुकदमा दर्ज

*नहर में मिला लापता व्यक्ति का शव, हत्या का मुकदमा दर्ज*

*******************

*संवाद: माता चरण पांडे*

मछलीशहर। थलोई (हरनहनिया) गांव निवासी अशोक कुमार पटेल (49) एक अगस्त की सुबह करीब आठ बजे बाइक से घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद परिजनों ने कोतवाली में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

 

गुरुवार को महराजगंज थाना क्षेत्र के भटपुरा गांव के पास नहर में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। बाद में उसकी पहचान अशोक कुमार पटेल के रूप में हुई। शव मिलने की जानकारी होते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मछलीशहर कोतवाली पहुंच गए।

 

मृतक के पुत्र आकाश कुमार पटेल ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उनके परिवार का पड़ोसियों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि विपक्षी पक्ष के भटपुरा गांव स्थित रिश्तेदारों के साथ मिलकर साजिश रची गई और अशोक कुमार पटेल का अपहरण कर उनकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को नहर में फेंक दिया गया।

 

तहरीर में ईश्वर लाल, उनकी पत्नी फूलकली, पुत्र अंकित, अमरेंद्र पटेल और कविता समेत अन्य लोगों को नामजद किया गया है। हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर ग्रामीण कोतवाली पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीण शांत हुए।

 

प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!