*कच्ची दीवार गिरने से वृद्ध की मौत, धान की रोपाई के दौरान हुआ हादसा*
*******************
*संबाद: माता चरण पांडे*
जौनपुर। तेजीबाजार थाना क्षेत्र के अटरा गांव में शुक्रवार शाम कच्ची गारे की दीवार गिरने से 75 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। हादसा शाम करीब पांच बजे हुआ।
मृतक की पहचान अटरा गांव निवासी सतई राम (75) पुत्र स्वर्गीय गोलई राम के रूप में हुई है। बताया गया कि सतई राम धान की रोपाई के लिए खेत में गए थे। इसी दौरान बारिश शुरू होने पर वह कच्चे गारे से बनी दीवार के पास बारिश से बचने के लिए खड़े हो गए।
अचानक दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन आनन-फानन में उन्हें बदलापुर अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जौनपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान सतई राम की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
