*जौनपुर: नाली निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद*
*मारपीट का वीडियो वायरल; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा*
*******************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिलाब्यूरो)*
जौनपुर। जिले के खुटहन थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में नाली के नए निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता राधा प्रजापति, पत्नी अशोक कुमार प्रजापति, ने पुलिस को दी गई लिखित तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके पड़ोसी जबरन नाली का निर्माण करा रहे थे। विरोध करने पर विपक्षी पक्ष के कई लोग एकजुट होकर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की।
बताया गया कि शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद किसी तरह मामला शांत हुआ। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विपक्षी पक्ष अपनी संख्या अधिक होने का लाभ उठाकर दबंगई कर रहा है तथा उन्हें लगातार धमकाया जा रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया था। हालांकि, पीड़ित पक्ष थाने पहुंचा, जबकि विपक्षी पक्ष के लोग उपस्थित नहीं हुए। पुलिस ने पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
