*सुल्तानपुर चांदा फरमापुर प्रधान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर महिला के आरोपों का किया खंडन*
*प्रधानी चुनाव को देखते हुए विपक्षियों पर साजिश रचकर बदनाम करने का लगाया आरोप*
अनिल मिश्र
सुल्तानपुर, चांदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा फरमापुर के ग्राम प्रधान हृदय नारायण सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर एक महिला द्वारा लगाए गए छेड़छाड़ एवं मारपीट के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि आगामी ग्राम प्रधान चुनाव को देखते हुए राजनीतिक विरोधियों द्वारा उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रधान ने बताया कि जिस दिन की घटना बताई जा रही है,
उस दिन वह अपनी पत्नी के साथ भारत चिल्ड्रेन हॉस्पिटल, बदलापुर में गांव के एक व्यक्ति के भर्ती बच्चे का हालचाल जानने गए थे। अस्पताल से शाम लगभग 5 बजे निकलने का सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध है।उन्होंने बताया कि गांव लौटते समय फरमापुर स्थित पांडेय की बाग के पास लक्ष्य शुक्ला अपने कुछ साथियों के साथ मिले और कॉलोनी काटने को लेकर विवाद करते हुए
उनके साथ मारपीट करने लगे। परिवार के अन्य लोगों को आता देख वे मौके से भाग गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिस पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। प्रधान के अनुसार, उसी दौरान वहां से गुजर रहे कुछ पत्रकारों ने मौके पर मौजूद किरन और उनकी मां पुष्पा देवी व मुझसे बातचीत की थी। उस समय उन्होंने केवल मारपीट और धमकी देने की बात कही थी। न तो कपड़े फाड़ने और न ही छेड़छाड़ जैसे किसी आरोप का
उल्लेख किया गया था। उन्होंने कहा कि थानाध्यक्ष चांदा के समक्ष भी ऐसी कोई शिकायत नहीं की गई थी। प्रधान ने दावा किया कि घटना के लगभग दो दिन बाद सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के माध्यम से उन्हें छेड़छाड़ के आरोप की जानकारी मिली, जो पूरी तरह झूठा और बेबुनियाद है। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक होने के कारण विपक्षी उनके खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ग्राम सभा के कई लोग उपस्थित रहे। उपस्थित ग्रामीणों ने प्रधान द्वारा कराए गए विकास कार्यों की सराहना करते हुए उनके समर्थन में अपनी बात रखी।
