*कतर में भीषण सड़क हादसा: जौनपुर के युवक समेत छह की मौत, परिवार में मचा कोहराम*
********************
*अरुण कुमार जायसवाल (जिला ब्यूरो)*
जौनपुर/कतर में रविवार दोपहर हुए एक भीषण सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद के जलालपुर क्षेत्र के कबुलपुर गांव निवासी 37 वर्षीय नसीम खान समेत छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में नसीम खान के साथ पांच बांग्लादेशी नागरिक भी जान गंवा बैठे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नसीम खान कतर में वाहन चालक के रूप में कार्यरत थे। रविवार को वह पांच बांग्लादेशी युवकों के साथ वाहन से अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। वाहन की चालक सीट पर नसीम खान ही थे। इसी दौरान रास्ते में एक अन्य वाहन ने उनके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
नसीम खान अपने दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके पिता स्वर्गीय शमीम खान थे। उनके भाई फहीम खान भी कतर में चालक के रूप में कार्यरत हैं, जबकि छोटे भाई कलीम खान सऊदी अरब में वाहन चालक का काम करते हैं।
हादसे की जानकारी नसीम के भाई फहीम खान ने परिजनों को फोन पर दी। दुखद समाचार मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक नसीम खान अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और सात वर्षीय एक पुत्री को छोड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि वह करीब सात माह पूर्व ही अपने घर आए थे और पुनः रोजी-रोटी के लिए कतर लौट गए थे।
