*कोचिंग से लौट रहे छात्र पर हमला*
*पंच से वार कर किया लहूलुहान; एक आरोपी पकड़ा गया*
********************
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
सिंगरामऊ (जौनपुर)। कस्बा स्थित एक कोचिंग संस्थान से घर लौट रहे छात्र पर सोमवार की शाम कुछ मनबढ़ युवकों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने छात्र को रोककर गाली-गलौज की और मारपीट करते हुए उसके सिर पर पंच से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल छात्र को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रजनीपुर गांव निवासी उज्जवल पाण्डेय, पुत्र अखिलेश पांडेय, सोमवार शाम लगभग साढ़े छह बजे कोचिंग से पढ़कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह कुशहा मोड़ के पास पहुंचे, तीन मोटरसाइकिलों पर सवार सात-आठ युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक ने पंच से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना स्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों के पहुंचते ही हमलावर भागने लगे। हालांकि लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी को उसकी बाइक सहित पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
घायल छात्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंगरामऊ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल जौनपुर के लिए रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी सैयद हुसैन मुन्तजर ने बताया कि तीन नामजद तथा कुछ अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध तहरीर प्राप्त हुई है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
