*ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, पुलिस जांच में जुटी*
**************”******
*संवाद :शिवपूजन मिश्रा*
जौनपुर। सिंगरामऊ थाना क्षेत्र में हरिहरपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना हरिहरपुर रेलवे क्रॉसिंग के पश्चिम स्थित खंभा संख्या-2 के पास की बताई जा रही है। मृतक की पहचान अजय कुमार यादव (32) पुत्र राजनारायण यादव निवासी केवटली खुर्द, ठाकुरगंज के रूप में हुई। युवक मुंबई में रहकर वाहन चालक का कार्य करता था। बताया गया कि पैर में चोट लगने के कारण वह इन दिनों घर पर ही रह रहा था।

मृतक अपने पीछे पत्नी आशा यादव तथा दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
प्रभारी निरीक्षक सैयद हुसैन मुंतजर ने बताया कि शव के पास मिले आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर युवक की पहचान की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
